शोरूम का ताला तोड़कर 5 नई बाइक चोरी करने वाले गिरोह का

शोरूम का ताला तोड़कर 5 नई बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी व एक बाल अपचारी गिरफ्तार देवरिया। थाना तरकुलवा पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल चोरी की बड़ी घटना का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई पांच नई मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम 9/10 जून की रात संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सिरवनिया धूस जंगल की ओर से आ रहे एक युवक को रोका गया। पूछताछ में उसकी पहचान विमल कुमार पाण्डेय (19 वर्ष) पुत्र आशाराम पाण्डेय निवासी चिरींपुर, थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई। जांच के दौरान उसके कब्जे से बरामद बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल थाना तरकुलवा में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे चोरी गिरोह का खुलासा हो गया। पूछताछ में विमल ने बताया कि उसने अपने साथियों भोला (22 वर्ष), कृष्णानंद तिवारी (18 वर्ष), आकाश (19 वर्ष) तथा एक बाल अपचारी के साथ मिलकर 3-4 जून की रात तरकुलवा कस्बे स्थित गणेश ऑटो सेल्स शोरूम के पीछे का ताला तोड़कर पांच नई मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। आरोपियों ने चोरी के बाद सभी मोटरसाइकिलों को सिरवनिया धूस जंगल में छिपा दिया था और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की गई सभी पांच मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में एक पल्सर एन-160 तथा चार पल्सर-125 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। गौरतलब है कि 4 जून 2026 को गणेश ऑटो सेल्स के संचालक दीपक विश्वकर्मा ने थाना तरकुलवा में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर शोरूम का पिछला ताला तोड़कर नई मोटरसाइकिलें और नकदी चोरी कर ले गए हैं। इस संबंध में थाना तरकुलवा में मुकदमा संख्या 169/2026 दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।