बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: रुद्रपुर विद्युत उपकेंद्र का किया घेराव,
बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: रुद्रपुर विद्युत उपकेंद्र का घेराव, महिलाओं ने बंद कराया ऑफिस का पंखा रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर क्षेत्र के ग्राम कोइलगढ़हा के मल्ल टोला में लंबे समय से जारी बिजली संकट से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों का शनिवार को सब्र जवाब दे गया। महिला और पुरुष विद्युत उपभोक्ताओं ने रुद्रपुर विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने विद्युत उपकेंद्र कार्यालय में चल रहा पंखा बंद करा दिया और कहा कि जब गांव के लोग भीषण गर्मी में बिजली के बिना परेशान हैं, तो कार्यालय में सुविधाओं का लाभ नहीं मिलना चाहिए। इस दौरान उपभोक्ताओं ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि मल्ल टोला में कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे पेयजल, घरेलू कार्य, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शन की सूचना पर विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ, हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे और बड़ा आंदोलन करने को विवश होंगे।