गहमर पुलिस ने 34 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ बिहार का एक युवक गिरफ्तार

देवल-सुरहा मोड़ पुलिया के पास मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई, 6.8 लीटर शराब बरामद जखनियां (गाजीपुर)। बांसगांव संदेश। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 34 अदद अवैध देशी शराब के टेट्रा पैक बरामद किए हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 6.8 लीटर बताई गई है।पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को चौकी प्रभारी देवल उपनिरीक्षक शिवपूजन अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम देवल-सुरहा मोड़ पुलिया के पास एक युवक अवैध देशी शराब लेकर मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया।पूछताछ में उसकी पहचान मोनू सिंह (33 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय कमला सिंह, निवासी पजराव, थाना नुआंव, जनपद कैमूर (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्लू लाइम ब्रांड की 34 अदद देशी शराब की टेट्रा पैक बरामद हुई। प्रत्येक पैक 200 एमएल का था। इस प्रकार कुल 6.8 लीटर शराब बरामद की गई।पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी देवल उपनिरीक्षक शिवपूजन एवं थाना गहमर की पुलिस टीम शामिल रही।