दहेज के लिए विवाहिता को कमरे में बंद कर जान से मारने

दहेज के लिए विवाहिता को कमरे में बंद कर जान से मारने का आरोप। मदरिया ----------------------- दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को कमरे में बंद कर जान से मारने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर बेटी की जान बचाने तथा आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना-पत्र के अनुसार, कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की निवासी महिला ने अपनी बेटी सना खातून की शादी बीते 30 मार्च को गोला थाना क्षेत्र के बनकुल विशुनपुर राजा निवासी नसीब पुत्र सगीर के साथ की थी। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष की ओर से एक लाख रुपये नकद तथा करीब तीन लाख रुपये का गृहस्थी का सामान दिया गया था। पीड़िता की मां का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि बीते 13 अगस्त की रात करीब 11 बजे फोन पर सूचना मिली कि सना को कमरे में बंद कर जान से मारने की कोशिश की जा रही है। जब परिजनों ने फोन से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में तीन लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। इसके अलावा कथित तौर पर धमकी दी जा रही थी कि मांग पूरी न होने पर दूसरी शादी कर ली जाएगी। पीड़िता की मां ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत किए जाने की बात कही है। उन्होंने पुलिस से बेटी को तत्काल सुरक्षित कराने, उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा मामले में विधिक कार्रवाई की मांग की है। प्रकरण में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत सभी आरोपितों के उपर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।