Bansgaon Sandesh
Login
Bhola Gaur
Gorakhpurलगभग १३ घंटे पहले

ब्रह्मसारी-झिनखिनी छठ घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, कुआनो नदी के तट पर व्रती महिलाओं ने श्रद्धा भाव से किया पूजा अर्चना

ब्रह्मसारी-झिनखिनी छठ घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, कुआनो नदी के तट पर व्रती महिलाओं ने श्रद्धा भाव से किया पूजा अर्चना

ब्रह्मसारी-झिनखिनी छठ घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, कुआनो नदी के तट पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य बेलघाट, गोरखपुर। बेलघाट ब्लॉक के ग्राम पंचायत ब्रह्मसारी-झिनखिनी स्थित कुआनो नदी के पवित्र तट पर रविवार को छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। वर्षों पुरानी परंपरा के तहत आयोजित इस महापर्व में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शाम होते ही पूरा नदी तट छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा। छठ महापर्व के अवसर पर व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान व्रती महिलाएं कुआनो नदी के पवित्र जल में खड़ी होकर सूर्यदेव की आराधना करती नजर आईं। महिलाओं ने अपने पति एवं संतान की दीर्घायु, परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठ घाट पर इस दौरान एक अद्भुत और मनमोहक दृश्य देखने को मिला। नदी के जल में खड़ी व्रती महिलाओं के हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप, जलते दीपक और सूर्यदेव को अर्पित किया जा रहा अर्घ्य श्रद्धा और भक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहा था। घाट पर चारों तरफ छठी मैया के गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस महापर्व की विशेषता यह भी रही कि क्षेत्र की कई महिलाएं पिछले 10, 15 और 20 वर्षों से लगातार छठ का कठिन व्रत करती चली आ रही हैं। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के प्रति महिलाओं की अटूट आस्था और समर्पण देखते ही बन रहा था। परिवार के सदस्य भी पूरे उत्साह के साथ व्रती महिलाओं की सेवा और पूजन व्यवस्था में जुटे रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुआनो नदी के तट पर जगह-जगह वेदियां सजाई गई थीं। व्रती महिलाओं ने दीपक जलाकर फल, फूल, नारियल, गन्ना सहित पारंपरिक पूजन सामग्री से छठी मैया की आराधना की। दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे घाट को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। ब्रह्मसारी-झिनखिनी स्थित कुआनो नदी का छठ घाट वर्षों से क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। प्रत्येक वर्ष यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मनाते हैं। इस अवसर पर घाट पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र की धार्मिक एकता, सामाजिक सौहार्द और परंपराओं के प्रति लोगों की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया। संवाददाता भोला गौड़ बेलघाट, गोरखपुर

0 likes
0 comments0 shares