*जर्जर और अधूरा कुआं बना खतरा, ग्रामीणों में आक्रोश* संवाद सूत्र, महदेवा

*जर्जर और अधूरा कुआं बना खतरा, ग्रामीणों में आक्रोश* संवाद सूत्र, महदेवा बाजार। विकास खंड उरुवा के ग्राम सभा साहूआ में घरों के समीप बना आधा-अधूरा कुआं ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है। खुले पड़े इस कुएं से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे गांव के लोगों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है। स्थानीय निवासी शिवकुमार बारी ने बताया कि कुआं जमीन के बराबर खुला पड़ा हुआ है, जिससे छोटे बच्चों के गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। कई बार गाय, बकरी समेत अन्य पशु इसमें गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। कुएं के आसपास गंदगी और घास-फूस जमा होने के कारण वहां दूषित पानी भर गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक भयावह हो जाती है। बारिश का पानी भर जाने से कुआं पूरी तरह दिखाई नहीं देता, जिससे राहगीरों और पशुओं के अनजाने में उसमें गिरने का खतरा बना रहता है। लोगों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस संबंध में ग्राम प्रधान गोरख ने बताया कि फिलहाल बजट की कमी के कारण कार्य नहीं हो सका है। बजट उपलब्ध होते ही कुएं की सफाई कराकर उसे सुरक्षित कराया जाएगा तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से लोहे की जाली भी लगाई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले इस जर्जर और अधूरे कुएं की मरम्मत कराकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।