Bansgaon Sandesh
Login
Deoriaलगभग २ घंटे पहले

रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर सवाल, 200 मीटर दूर बिहार पुलिस पकड़ रही

रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर सवाल, 200 मीटर दूर बिहार पुलिस पकड़ रही शराब की खेप भाटपार रानी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धरनी छापर चेकपोस्ट पर मैरवा पुलिस ने वाहन जांच के दौरान शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा स्कूटी छोड़कर फरार हो गया। दोनों मामलों में कुल 34 लीटर शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई के बाद यूपी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं, क्योंकि जिस सड़क पर शराब के साथ बाइक और स्कूटी पकड़ी गई, उसी मार्ग पर महज 200 मीटर पहले बनकटा थाना क्षेत्र का रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट स्थित है, लेकिन वहां तैनात पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जानकारी के अनुसार मैरवा थाना पुलिस थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में धरनी छापर चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 18 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से बाइक सवार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीरादेई थाना क्षेत्र के जमापुर निवासी जितेंद्र राम के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के साथ बाइक भी जब्त कर ली। वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस को देखकर एक संदिग्ध स्कूटी सवार वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 16 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में लेकर फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार पुलिस लगातार शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जबकि यूपी सीमा पर स्थित रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस की सक्रियता सवालों के घेरे में है। लोगों का आरोप है कि बिहार जाने वाली शराब की खेप अक्सर इसी मार्ग से गुजरती है, लेकिन यूपी पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। इस संबंध में मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि वाहन जांच अभियान के दौरान एक बाइक और एक स्कूटी से शराब बरामद की गई है। एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे मामले में फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। दोनों मामलों में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 likes
0 comments1 shares