Bansgaon Sandesh
Login
S
Azamgarh२७ मिनट पहले

विकसित भारत के संकल्प के साथ आजमगढ़ में निकली पीआरडी व मंगल दल की रैली

विकसित भारत के संकल्प के साथ आजमगढ़ में निकली पीआरडी व मंगल दल की रैली

सीडीओ और डीडीओ ने विकास भवन से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, युवाओं ने दिया आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का संदेश आजमगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जनपद में ‘विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के निर्देश पर पीआरडी स्वयंसेवकों और मंगल दल के सदस्यों ने साइकिल और बाइक रैली निकालकर आत्मनिर्भर भारत, अनुशासन, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल और जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। बड़ी संख्या में पीआरडी स्वयंसेवक और मंगल दल के सदस्य रैली में शामिल हुए। रैली विकास भवन से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस विकास भवन परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। बाइक सवार सभी प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर हिस्सा लिया। रैली के सुचारु संचालन के लिए निर्धारित मार्ग पर पुलिस और यातायात पुलिस की तैनाती की गई थी। रैली के दौरान युवाओं ने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सीडीओ राकेश कुमार पटेल ने पीआरडी स्वयंसेवकों, मंगल दल के सदस्यों और अधिकारियों-कर्मचारियों को आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। रैली का संचालन डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट प्रांतीय रक्षक दल सुल्तान सिंह ने किया। इस दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रामदरश यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उमेश कुमार समेत संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, पीआरडी स्वयंसेवक और मंगल दल के सदस्य मौजूद रहे।

0 likes
0 comments0 shares