बाल दिवस पर पुण्डा विद्यालय में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, प्रतियोगिताओं में बिखेरा जलवा

घघसरा, गोरखपुर। बांसगांव संदेश। उच्च प्राथमिक विद्यालय पुण्डा में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की उमंग और उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के बीच सामान्य ज्ञान, क्विज, खो-खो, कबड्डी सहित विभिन्न खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शालिनी पासवान ने प्रथम, अंश ने द्वितीय तथा ज्योति प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापिका रंजना कुमारी ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन अनिल विश्वकर्मा, आदर्श चौरसिया, सुनील सिंह एवं ध्रुव कुमार पाण्डेय ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।