बाडी खन्ना कैंप के सामने स्टेट हाईवे पर ढाई फीट गड्ढा, ऑटो पलटा

बाडी खन्ना कैंप के सामने स्टेट हाईवे पर ढाई फीट गड्ढा, हादसों को दे रहा दावत आटो पलटा। डाला, सोनभद्र। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के बाडी खन्ना कैंप के सामने स्टेट हाईवे पर सड़क के बीचों-बीच करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। सड़क पर बने इस बड़े गड्ढे के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक स्थायी समाधान नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार गड्ढे के कारण सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और ऑटो व कार चालकों को हो रही है। अचानक गड्ढा मे पानी भरा होने सामने आने पर वाहन अनियंत्रित होकर गिर जा रहे हैं। कई बार ऑटो पलटने की स्थिति बन रही है, जबकि बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। तेज रफ्तार से आने वाली कारों के लिए भी यह गड्ढा दुर्घटना का बड़ा कारण बन सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्टेट हाईवे पर दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क पर इतना बड़ा गड्ढा होना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि दूर से गड्ढा दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालक अचानक उसमें फंस जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि बाडी खन्ना कैंप के सामने सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर करीब ढाई फीट गहरे गड्ढे को भराया जाए, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।