अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया स्वरूप 5 जनवरी तक जमा होंगे फॉर्म।
अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, पांच जनवरी तक जमा होंगे फॉर्म कक्षा 06 में 140 विद्यार्थियों का होगा चयन, 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी प्रवेश परीक्षा। देवरिया, 18 नवंबर। सहायक श्रम आयुक्त स्कन्द कुमार ने बताया कि श्रम विभाग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रवेश के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है, जबकि प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। अटल आवासीय विद्यालय सहजनवां, जनपद गोरखपुर में स्थित है। विद्यालय में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों एवं कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण आधुनिक शिक्षा प्रदान की जाती है। इसके साथ ही स्मार्ट क्लास, निःशुल्क छात्रावास, पाठ्य पुस्तकें, स्कूल ड्रेस, भोजन, खेलकूद एवं चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए कुल 140 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा, जबकि कक्षा नौ में रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच तथा कक्षा नौ के लिए 01 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए। प्रवेश प्रक्रिया में 50 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित रहेंगी। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा। सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि पात्र निर्माण श्रमिकों का श्रमिक पंजीकरण कार्ड अद्यतन एवं नवीनीकृत होना आवश्यक है। साथ ही 30 अक्टूबर 2026 तक श्रमिक के रूप में कम से कम तीन वर्ष की सदस्यता पूरी होनी चाहिए। एक पंजीकृत निर्माण श्रमिक के अधिकतम दो बच्चे आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, विकास भवन परिसर, देवरिया से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड की वेबसाइट www.upbocw.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। भरे हुए आवेदन पत्र 20 नवंबर 2026 से 05 जनवरी 2027 तक कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, विकास भवन परिसर, देवरिया में जमा किए जाएंगे। उन्होंने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से कहा है कि जिनके बच्चे वर्तमान में कक्षा पांच एवं कक्षा आठ में अध्ययनरत हैं, वे निर्धारित पात्रता के अनुसार शैक्षिक सत्र 2027-28 में प्रवेश के लिए आवेदन करें। आवेदन की अंतिम तिथि का ध्यान रखते हुए समय से फॉर्म जमा कर दें। प्रवेश प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, विकास भवन परिसर, देवरिया में संपर्क किया जा सकता है।