प्राथमिक विद्यालय बिधनापार की शिक्षामित्र किरण यादव का हार्ट अटैक से निधन,

प्राथमिक विद्यालय बिधनापार की शिक्षामित्र किरण यादव का हार्ट अटैक से निधन, शिक्षा जगत में शोक बेलघाट, गोरखपुर। बेलघाट क्षेत्र के बिधनापार गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षामित्र किरण यादव का 18 जून 2026 को सुबह लगभग 7:30 बजे हृदयाघात (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षा विभाग, शिक्षामित्र समुदाय तथा क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार किरण यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन हृदय गति रुक जाने के कारण उनका निधन हो गया। उनकी आयु लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से बिधनापार गांव निवासी थीं तथा सुखदेव यादव की पत्नी थीं। किरण यादव अपने मिलनसार स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती थीं। विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने उनके निधन को शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति बताया है। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं शिक्षामित्र संगठन के पदाधिकारियों एवं साथियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की। क्षेत्र के लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।