Bansgaon Sandesh
Login
K
Gorakhpur२९ मिनट पहले

एस आर डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति जागरूकता रैली का आयोजन

एस आर डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति जागरूकता रैली का आयोजन

एस आर डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति जागरूकता रैली का आयोजन, थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज ने छात्राओं को किया जागरूक गजपुर बांसपार, गोरखपुर । बांसगांव संदेश । उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत एस आर डिग्री कॉलेज गजपुर बांसपार गोरखपुर में मिशन शक्ति जागरूकता रैली एवं संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में गगहा थाना के थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने की तथा कार्यक्रम का संचालन भूगोल विभाग के सहायक आचार्य अखंड प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजय कुमार त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज का माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। जागरूकता रैली को थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गजपुर बांसपार और बुद्ध की बाजार, मुख्य मार्ग से होते हुए पूरे क्षेत्र में भ्रमण किया। रैली में छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर "नारी शक्ति जिंदाबाद", "बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ", "हमारा अधिकार, हमारी सुरक्षा" जैसे नारे लगाए। रैली के दौरान छात्राओं द्वारा ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति के बारे में जागरूक किया गया। रैली के समापन के पश्चात महाविद्यालय सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। उन्होंने छात्राओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। थानाध्यक्ष श्री सरोज ने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में छात्राएं बिना डरे इन नंबरों पर शिकायत कर सकती हैं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने कहा कि गगहा थाना पुलिस हमेशा छात्राओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया पर होने वाले अपराधों, साइबर क्राइम से बचने के उपायों के बारे में भी बताया और कहा कि अनजान लोगों से अपनी निजी जानकारी साझा न करें। महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि नारी ही समाज की शक्ति है। जब तक नारी शिक्षित और सुरक्षित नहीं होगी, तब तक समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने थानाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने अपना बहुमूल्य समय निकालकर छात्राओं को जागरूक किया। प्राचार्य डॉ संजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की भावना जागृत होती है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में महिला उत्पीड़न रोकने हेतु आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया गया है। किसी भी छात्रा को कोई समस्या होने पर वह सीधे प्राचार्य या समिति से संपर्क कर सकती है। हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ विजय प्रकाश ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक आंदोलन है। इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों को जानें और दूसरों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने आत्मरक्षा के गुर भी सीखे और मिशन शक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने नारी सम्मान और महिला सुरक्षा की शपथ ली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली को सफल बनाने में दिलीप कुमार गौड़ विनोद कुमार विवेकानंद शर्मा डॉ अरुणेश त्रिपाठी कन्हैया तिवारी इन्दू मौर्या रीता शर्मा रोली सिंह खुशी साहनी शिवानी मिश्रा का विशेष योगदान रहा। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी विश्वजीत कुमार ने ने मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज, प्रबंधक अजीत कुमार सिंह एवं प्राचार्य डॉ संजय कुमार त्रिपाठी जी का आभार व्यक्त किया।

0 likes
0 comments0 shares