इलाज में देरी का आरोप: 70 वर्षीय वृद्ध की मौत, ठर्रापार सीएचसी के डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग

घघसरा गोरखपुर। सहजनवा तहसील अंतर्गत ग्राम तिलौरा निवासी 70 वर्षीय श्री राम गौंड की इलाज के अभाव में मौत होने का आरोप परिजनों ने लगाया है। परिजनों का कहना है कि वह सुबह करीब 10:30 बजे मरीज को लेकर ठर्रापार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन 11:05 बजे तक भी वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। समय से उपचार न मिलने के कारण वृद्ध की मृत्यु हो गई। मृतक के परिजन शैलेंद्र कुमार गौड़ उर्फ मनोज ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इमरजेंसी की स्थिति के बावजूद डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। उनका कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं, बल्कि अस्पताल में अक्सर यही स्थिति बनी रहती है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी डॉक्टरों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने भी अस्पताल में नियमित डॉक्टरों की तैनाती और इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। अब सबकी निगाहें स्वास्थ्य प्रशासन पर टिकी हैं कि इस गंभीर आरोप पर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।