संस्कार इंटर कॉलेज का जलवा, टॉपर्स ने बढ़ाया मान, प्रबंधक ने घर-घर जाकर दी बधाई

घघसरा गोरखपुर। बांसगांव संदेश। गोरखपुर जनपद के पाली ब्लॉक स्थित संस्कार इंटर मीडिएट कॉलेज ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का दम दिखाते हुए शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय की मेधावी छात्रा दिव्या यादव ने 95.6% अंक प्राप्त कर पूरे जिले में टॉप कर कॉलेज का नाम रोशन कर दिया। यहीं नहीं, इसी विद्यालय के छात्र आर्यन गुप्ता ने 94.33% अंक के साथ जिले में छठा स्थान और ब्यूटी ने 93.83% अंक प्राप्त कर नौवां स्थान हासिल किया। इन शानदार उपलब्धियों ने संस्कार इंटर कॉलेज को जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में और मजबूती से स्थापित कर दिया है। विद्यालय के प्रबंधक सतेन्द्र कुमार सिंह ने बच्चों की इस सफलता को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। उन्होंने खुद छात्रों के घर पहुंचकर मिठाई खिलाई, बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनका यह प्रयास न सिर्फ बच्चों के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत रिश्ते का भी प्रतीक बना। संस्कार इंटर कॉलेज अब सिर्फ एक विद्यालय नहीं, बल्कि सफलता की पहचान बन चुका है, जहां मेहनत को मुकाम मिलता है और सपनों को उड़ान!