विकासखंड के गांव में पानी की टंकी मौन खड़ी है:
बांसगांव सन्देश।भलुअनी। विकासखंड के सोनखरिका गांव में करीब 164 लाख रुपए की लागत से बनी पानी की टंकी खड़ी है, लेकिन ग्रामीणों के घरों में आज तक पानी नहीं पहुंचा। ग्रामीण पेयजल योजना के तहत बनी टंकी परिसर में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के नाम पर टंकी तो बन गई, लेकिन पानी की सप्लाई कब शुरू होगी, इसका इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक इस योजना से ग्रामसभा के तीन गांव और एक टोला जुड़े हैं। लेकिन तीनों गांवों की पाइपलाइन अभी तक आपस में कनेक्ट नहीं हो सकी है। ऐसे में पानी की सप्लाई शुरू होना तो दूर, पाइपलाइन का काम ही पूरा नहीं हुआ है। पंप रूम पर पानी सप्लाई का समय भी लिखा हुआ है। इसमें सुबह 6:30 से 8:30 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक पानी देने की बात लिखी है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब घरों तक पानी ही नहीं पहुंच रहा तो सप्लाई का यह समय किसके लिए तय किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले टंकी परिसर में लगा सोलर पैनल भी खोल दिया गया। वहीं परिसर में बने कमरों और दीवारों पर जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। इससे निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीण अब योजना की जांच कराने के साथ जल्द से जल्द पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब करोड़ों रुपए खर्च किए जा चुके हैं तो इसका लाभ भी ग्रामीणों को मिलना चाहिए। अधिशासी अभियंता अखिल आनंद ने बताया कि योजना को प्राथमिकता में रखा गया है। एक से दो महीने के अंदर पानी की सप्लाई शुरू करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना को जल्द चालू कराया जाएगा। जो भी कमियां हैं, उन्हें भी दुरुस्त कराया जाएगा।