तिलक नगर में अंधेरे पर जीत, शिकायत के बाद खराब स्ट्रीट लाइटों की हुई मरम्मत

बड़हलगंज।बड़हलगंज नगर पंचायत बड़हलगंज के तिलक नगर वार्ड संख्या-8 में स्ट्रीट लाइटों की खराबी को लेकर दी गई शिकायत के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल शिकायत में उल्लिखित दो स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई, बल्कि क्षेत्र की अन्य खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त करा दिया। इससे वार्ड में लंबे समय से बनी रोशनी की समस्या का काफी हद तक समाधान हो गया है। गौरतलब है कि क्षेत्र निवासी बलराम गौतम ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि तिलक नगर वार्ड के कल्लू सोनकर, राम उपग्रह, महेश, रामदरश, राम आशीष, मंटू समेत कई परिवारों के घरों के पास लगे दो बिजली पोलों की स्ट्रीट लाइटें महीनों से खराब पड़ी हैं। उन्होंने दोनों लाइटों को शीघ्र ठीक कराने की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई। जांच के दौरान क्षेत्र की अन्य खराब स्ट्रीट लाइटों की भी जानकारी मिली, जिसके बाद व्यापक स्तर पर मरम्मत कार्य कराया गया। अब वार्ड की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से जल रही हैं, जिससे गलियों और सड़कों पर पर्याप्त रोशनी हो गई है। इस संबंध में चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने बताया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए नगर पंचायत प्रतिबद्ध है। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित कर आवश्यक कार्रवाई कराई गई। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत में दर्ज लाइटों ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की अन्य खराब स्ट्रीट लाइटों को भी ठीक कराया गया है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्ट्रीट लाइटों के चालू होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और नगर पंचायत की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।