Bansgaon Sandesh
Login

दिव्यांगजनों के चिन्हांकन हेतु तहसीलवार कल्याणकारी शिविर 18 से 24 अगस्त तक

दिव्यांगजनों के चिन्हांकन हेतु तहसीलवार कल्याणकारी शिविर 18 से 24 अगस्त तक देवरिया, 11 अगस्त। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने बताया कि जनपद में दिव्यांगजनों के हाथ एवं पैर कटे होने तथा कैलिपर आदि कृत्रिम अंग लगाए जाने हेतु पात्र दिव्यांगजनों के चिन्हांकन के लिए तहसीलवार कल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराए जाने हेतु भी चिन्हांकन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविरों में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। शिविर के दौरान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया जाएगा तथा पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को तहसील भाटपाररानी, 19 अगस्त को तहसील बरहज, 21 अगस्त को तहसील सलेमपुर तथा 24 अगस्त को तहसील रुद्रपुर के तहसील परिसर में प्रातः 10 बजे से कल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि चिन्हांकन के लिए दिव्यांग प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।

0 likes
0 comments0 shares