पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कहर: बेलघाट के रामपुर गोसाई गांव के तीन लोगों

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कहर: बेलघाट के रामपुर गोसाई गांव के तीन लोगों की दर्दनाक मौत अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार एक बार फिर मौत बनकर दौड़ी। शुक्रवार को एक्सप्रेसवे के 161 किलोमीटर प्वाइंट पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बेलघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा बेवान थाना क्षेत्र में हुआ। इस दर्दनाक हादसे में विजय कुमार यादव (50), लक्ष्मी देवी पत्नी मुकेश (40) तथा छह वर्षीय मासूम वीर की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक रामपुर गोसाई गांव, थाना बेलघाट के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में कार चालक विनय कुमार यादव पुत्र अंश, गुनगुन (14) एवं कनिष्का (5) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल अकबरपुर में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया, लेकिन हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। बेवान थाना प्रभारी सर्वदमन सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है। इस हादसे से रामपुर गोसाई गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के कई लोगों के प्रभावित होने से गांव का माहौल गमगीन हो गया है।