*बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस, कार्यकर्ताओं को दिया

*बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस, कार्यकर्ताओं को दिया जनसंपर्क का मंत्र* सिकरीगंज बांसगांव संदेश। आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन विस्तार को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को सिकरीगंज कस्बा स्थित पाण्डेय मार्केट में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर आम लोगों से संवाद स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों, जनहित के मुद्दों और पार्टी के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं और लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करें। पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन किसी भी राजनीतिक दल की सफलता की आधारशिला होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, नए लोगों को जोड़ने और नियमित रूप से जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। बैठक में विक्रमादित्य, सतेंद्र निषाद, रामशब्द ओझा, राकेश पांडेय, कंदर्प नारायण तिवारी, अभिषेक राय, संतोष उपाध्याय, ज्ञानेंद्र शाही, विवेकानंद, सूर्य नारायण राव, हरि सेवक त्रिपाठी, हौशिला पांडेय, कोदई त्रिपाठी, राजेश उपाध्याय, आनंद, राजीव त्रिपाठी, अर्जुन सिंह, रत्नेश उपाध्याय, यश कुमार, मुस्ताक अहमद सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।