Bansgaon Sandesh
Login
Rahul kumar singh
Sultanpur३१ मिनट पहले

सुल्तानपुर में भ्रष्टाचार का बड़ा खेल, कागजों पर पसीना बहा रहे 'फर्जी'

सुल्तानपुर में भ्रष्टाचार का बड़ा खेल, कागजों पर पसीना बहा रहे 'फर्जी' मजदूर *दोस्तपुर, सुल्तानपुर* उत्तर प्रदेश के जनपद सुल्तानपुर से भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विकासखंड दोस्तपुर की ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद सरैया में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट का खेल धड़ल्ले से जारी है। मामले में ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से लाखों रुपये के फर्जी भुगतान का खुलासा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत में चल रहे कार्यों में भारी अनियमितता बरती जा रही है। दिनांक 11 मई से मौके पर काम न होने के बावजूद 130 मजदूरों की फर्जी हाजिरी मस्टरोल में दर्ज की गई है। ताज्जुब की बात यह है कि ये मजदूर जमीन पर काम करते हुए कहीं नजर नहीं आए, लेकिन सरकारी दस्तावेजों में इनकी उपस्थिति शत-प्रतिशत दिखाकर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान द्वारा अपने चहेतों और अपात्र लोगों के नाम मस्टरोल में भरकर सरकारी बजट को ठिकाने लगाया जा रहा है। इतने बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी संदेह पैदा करती है। क्या ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को इस हेराफेरी की भनक नहीं थी? ग्रामीणों ने अब इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारी से करने का मन बनाया है ताकि इस 'हाजिरी घोटाले' की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

0 likes
0 comments0 shares