महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल देकर किया सम्मानित

पिपरौली बना जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन, भटहट उपविजेता गोरखपुर । परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की दो दिवसीय जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन शनिवार को जुबिली इंटर कॉलेज, बक्शीपुर में हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव रहे। उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग में दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने की। प्रतियोगिता में पिपरौली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता। भटहट की टीम उपविजेता तथा कैंपियरगंज की टीम तीसरे स्थान पर रही। मुख्य अतिथि ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में प्राथमिक बालक वर्ग में भटहट के दिनेश एवं पिपरौली के अंशु, बालिका वर्ग में भरोहिया की रूपी चैंपियन बनीं। जूनियर बालक वर्ग में पिपरौली के आदर्श एवं भटहट के पंकज तथा बालिका वर्ग में पिपरौली की साक्षी ने चैंपियनशिप हासिल की। 100 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग से अंजलि और बालक वर्ग से पंकज प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में सलोनी तथा रविकांत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीटी प्रतियोगिता में पिपरौली, योगासन में पिपराइच तथा खो-खो बालिका वर्ग में उरुवा और बालक वर्ग में भटहट की टीम विजेता रही। समारोह में जिला व्यायाम शिक्षिका रीना सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक श्रवण यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं खेल अनुदेशक उपस्थित रहे। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी जिला व्यायाम शिक्षिका रीना सिंह ने दी।