Bansgaon Sandesh
Login
रिपोर्टर राहुल कुमार सिंह
Sultanpurलगभग २ घंटे पहले

रोबोटिक कार से नोएडा में छाईं सुल्तानपुर की बेटियां हाथ के इशारे

रोबोटिक कार से नोएडा में छाईं सुल्तानपुर की बेटियां हाथ के इशारे पर दौड़ी कार तो तालियों से गूंज उठा प्रतियोगिता स्थल कृतिका और अनुष्का ने रोबोटिक्स प्रतियोगिता में हासिल किया तीसरा स्थान सुल्तानपुर।हुनर,तकनीक और हौसले के दम पर सुल्तानपुर की बेटियों ने नोएडा में अपनी प्रतिभा का डंका बजाया। शेफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल की कक्षा नौ की छात्राओं कृतिका तिवारी और अनुष्का तिवारी ने रोबोटिक्स प्रतियोगिता में अपने अभिनव प्रोजेक्ट ‘रियल-टाइम जाइरोस्कोप बेस्ड रोबोटिक कार’ का शानदार प्रदर्शन कर तृतीय स्थान हासिल किया।छात्राओं की बनाई रोबोटिक कार की खासियत यह रही कि इसे पारंपरिक रिमोट से नहीं, बल्कि हाथ के इशारों से नियंत्रित किया जा सकता है। हाथ को आगे,पीछे,दाएं या बाएं झुकाते ही कार उसी दिशा में चलने लगती है। तकनीक के इस अभिनव इस्तेमाल ने प्रतियोगिता में छात्राओं के प्रोजेक्ट को अलग पहचान दिलाई।प्रोजेक्ट में ईएसपी-32, एमपीयू-6050 जाइरोस्कोप सेंसर,ईएसपी-एनओडब्ल्यू वायरलेस कम्युनिकेशन,एल-298एन मोटर ड्राइवर और चार गियर मोटर्स का इस्तेमाल किया गया है।मॉडल तैयार करने में छात्राओं ने लंबे समय तक मेहनत की। डिजाइन से लेकर निर्माण,परीक्षण और प्रतियोगिता में प्रस्तुतीकरण तक दोनों ने तकनीकी बारीकियों पर काम किया।प्रोजेक्ट को तैयार कराने में विद्यालय के रोबोटिक्स एवं एआई शिक्षक मोहम्मद शाहिद ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। शिक्षिका आकृति गौर भी छात्राओं के साथ नोएडा गईं और प्रतियोगिता के दौरान उनका सहयोग किया। तकनीक को समझकर उसे काम करने वाले मॉडल में बदलना छात्राओं की रचनात्मक सोच और समस्या-समाधान क्षमता को दर्शाता है।छात्राओं की सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधक रंजीत सिंह ने कृतिका और अनुष्का, उनके अभिभावकों तथा मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर रोबोटिक्स,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इनोवेशन और एसटीईएम आधारित शिक्षा के माध्यम से भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।प्रधानाचार्य डॉ.अजय कुमार तिवारी ने कहा कि दोनों छात्राओं की उपलब्धि पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

0 likes
0 comments0 shares