नहर किनारे की सड़क अचानक धंसी, आवागमन बाधित, तत्काल मरम्मत की मांग

नहर किनारे की सड़क अचानक धंसी, आवागमन बाधित, तत्काल मरम्मत की मांग रामपुर कारखाना, देवरिया। शाहपुर से डुमरी होते हुए कसया रोड को जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस जाने से क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो गया है। नहर किनारे स्थित सड़क की मिट्टी खिसकने से सड़क नीचे बैठ गई, जिससे एक वाहन भी उसमें फंस गया। सड़क टूटने के कारण नहर का पानी आसपास के क्षेत्रों में फैलने लगा है। जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने, नहर के कटान को रोकने तथा आवागमन को सुरक्षित बनाने की मांग की है। बरसात से पहले सड़क के धंसने की घटना निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। क्षेत्रीय नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है।