*ब्लॉक प्रमुख डॉ. पूजा सिंह कौशिक ने किया शुद्ध पेयजल सुविधा का

*ब्लॉक प्रमुख डॉ. पूजा सिंह कौशिक ने किया शुद्ध पेयजल सुविधा का शुभारंभ* सिकरीगंज बांसगांव संदेश सिकरीगंज। गोरखपुर जनपद के दक्षिणांचल सिकरीगंज क्षेत्र के असौजी बाजार स्थित श्री सिद्ध पीठ बटुक भैरवनाथ मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। शनिवार 24 मई को मंदिर परिसर में जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक प्रमुख बेलघाट डॉ. पूजा सिंह कौशिक द्वारा वाटर कूलर एवं RO प्लांट का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पेयजल व्यवस्था को आम जनमानस के लिए समर्पित किया गया। मंदिर परिसर में लगाए गए इस वाटर कूलर एवं RO प्लांट से अब श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इस संबंध में सिकरीगंज शुभम हॉस्पिटल के संचालक एवं श्री सिद्ध पीठ बटुक भैरवनाथ मंदिर के पुजारी जय हिंद मौर्य ने बताया कि वर्ष 2015 से प्रत्येक रविवार को मंदिर परिसर में विशेष पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है, जिससे लोगों को गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु पूजा-अर्चना करते हैं तथा बाबा बटुक भैरवनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।