सीएम दौरे से पहले राप्ती इको पार्क में तैयारियों का जायजा, विकास

सीएम दौरे से पहले राप्ती इको पार्क में तैयारियों का जायजा, विकास कार्यों में लाई जाएगी तेजी गोरखपुर। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से पूर्व नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने एकला बंधे स्थित राप्ती इको पार्क का निरीक्षण कर विकास कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण की प्रगति देखी और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डिवाइडर पर रेलिंग और ट्री-गार्ड लगाने के साथ छायादार पौधों के रोपण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बंधे पर झंडा लगाने के कार्य में तेजी लाने और उसके रखरखाव की जिम्मेदारी ठेकेदार को दो वर्षों के लिए सौंपने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पार्क में हो रहे विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के लिए “पहले और बाद” की तस्वीरों के साथ फ्लेक्स लगाए जाएं। इसके अलावा पार्क में आर्टिफिशियल तालाब बनाकर बच्चों के लिए बोटिंग सुविधा विकसित करने और झूले समेत अन्य मनोरंजन उपकरण लगाने पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने पार्क को आकर्षक बनाने के लिए लॉन विकसित करने, बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराने और “वेस्ट टू वंडर” थीम के तहत सजावट करने के निर्देश दिए। साथ ही, संगमरमर की मूर्तियां स्थापित करने और सड़क पर आवश्यक साइनेज लगाने की बात कही, जिससे आगंतुकों को बेहतर सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त एकला बंधे पर भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण और उसके सामने संगमरमर के शेरों की प्रतिमाएं लगाने की योजना भी सामने आई है, जिससे स्थल की भव्यता और बढ़ेगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि राप्ती इको पार्क के विकसित होने से क्षेत्र को एक नया पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल मिलेगा, जो शहर की सुंदरता को और निखारेगा।