गोरखपुर: तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पैदल जा रहे युवक को कुचला,

गोरखपुर: तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पैदल जा रहे युवक को कुचला, मौके पर मौत; चालक बस समेत फरार गोरखपुर। शास्त्री चौक पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सुबह करीब 5:30 बजे तेज रफ्तार गोरखपुर डिपो की रोडवेज बस ने सड़क किनारे पैदल चल रहे एक अज्ञात युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद बस का पहिया उसके हाथ के ऊपर से गुजर गया। इस भीषण हादसे में युवक का हाथ और उसका मोबाइल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस लेकर भागा चालक घटना के तुरंत बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। CCTV खंगाल रही पुलिस पुलिस प्रशासन शास्त्री चौक और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है ताकि दुर्घटनाग्रस्त बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यातायात रहा प्रभावित, लोगों ने की मांग हादसे के कारण शास्त्री चौक पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने चौराहे पर नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर सख्त अंकुश लगाने की मांग की है।