सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, तीन खिलाड़ियों की मौत बांसगांव

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, तीन खिलाड़ियों की मौत बांसगांव संदेश रुद्रपुर देवरिया सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार खिलाड़ी आर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उनकी कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस, राहगीरों और यूपी-112 के सुरक्षाकर्मियों ने कार का गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में बताई गई है। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार हादसा झपकी आने के कारण होने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराने की कार्रवाई की।