चेयरमैन आनंद जायसवाल के घर लाखों की चोरी, शादी में गया था
चेयरमैन आनंद जायसवाल के घर लाखों की चोरी, शादी में गया था पूरा परिवार कादीपुर, सुलतानपुर। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित पावर हाउस के पास धोपाप मोड़ पर बीती रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। नगर पंचायत चेयरमैन आनंद जायसवाल के आवास को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल को चेयरमैन आनंद जायसवाल के बेटे की शादी थी, जिसके चलते पूरा परिवार बारात में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। सूत्रों के अनुसार चोर घर के दरवाजे और ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और नगदी, जेवरात सहित कीमती सामान समेट ले गए। सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां टूटी हुई थीं। घटना की सूचना मिलते ही कादीपुर क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम,कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।