शिक्षक संघ ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, छात्रवृत्ति परीक्षा में 5

शिक्षक संघ ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, छात्रवृत्ति परीक्षा में 5 बच्चों का चयन बेलघाट क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय लालपुर में इस वर्ष राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा में विद्यालय के 5 विद्यार्थियों के चयन होने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं पूरे ब्लॉक के शिक्षक गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बेलघाट के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में शिक्षक संघ की टीम विद्यालय पहुंची और सभी चयनित विद्यार्थियों को शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि बच्चों को समय-समय पर प्रोत्साहित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य छात्र भी उनसे प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के लिए 4 वर्षों में कुल 48,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। विद्यालय से लगातार हो रहे चयन को उन्होंने शिक्षकों की मेहनत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का परिणाम बताया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरिजेश श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों के फॉर्म भरने से लेकर उनकी तैयारी तक शिक्षक पूरी लगन से कार्य करते हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षक प्रशांत सिंह के विशेष योगदान को भी दिया। इस अवसर पर शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री वीरेंद्र कुमार, राम सुरेश, अशोक कुमार, ज्ञान दास, बीना त्रिपाठी, इंद्रजीत यादव, शरद चंद्र, कौशिक, राजेश शुक्ला, अमरेंद्र सिंह, उपेंद्र राय, कौशल कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में उत्साह का संचार किया और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण को और मजबूत बनाया।