बाउंड्री वॉल के भीतर से गिट्टी लदी ट्रॉली चोरी, बरामदगी के बाद भी पीड़ित को धमकी, घटना कैमरे में रिकॉर्ड

बांसगांव। बांसगांव संदेश थाना बांसगांव क्षेत्र के ग्राम भुसवल में बाउंड्री वॉल के भीतर खड़ी निर्माण सामग्री से लदी ट्रॉली चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में ट्रॉली की बरामदगी के बावजूद पीड़ित ने आरोपियों द्वारा धमकी देने और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया है, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। ग्राम भुसवल निवासी शक्ति सिंह पुत्र स्वर्गीय राम प्रताप सिंह के अनुसार 05 फरवरी को वह देवरिया जनपद में अपने मामा के पुत्र की शादी में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए करहल निवासी जितेंद्र यादव एवं ग्राम भुसवल निवासी झिंकाऊ यादव अपने अज्ञात साथियों के साथ बाउंड्री वॉल के भीतर घुसे और गिट्टी लदी ट्रॉली चोरी कर ले गए। घर लौटने पर आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने थाना बांसगांव में लिखित तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कर ट्रॉली की बरामदगी की मांग की। पुलिस के प्रयास से ट्रॉली बरामद कर ली गई। मामले में आरोपी जितेंद्र यादव ने अपने बचाव में एक पुराने स्टांप का हवाला देते हुए आपसी लेनदेन एवं ब्याज से जुड़ा मामला बताया है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर देने के बाद जब वह अपनी दुकान पर पहुंचे तो जितेंद्र यादव एवं झिंकाऊ यादव वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने तत्काल 100 नंबर पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसकी जानकारी बांसगांव पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।