टीबी के प्रति जागरूकता आवश्यक: जिलाधिकारी 192 ग्राम पंचायतें घोषित टीबी मुक्त,

टीबी के प्रति जागरूकता आवश्यक: जिलाधिकारी 192 ग्राम पंचायतें घोषित टीबी मुक्त, ग्राम प्रधान सम्मानित देवरिया । बांसगांव सन्देश । विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद की 192 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया तथा संबंधित ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं गांधी प्रतिमा प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि क्षय (टीबी) रोग के उन्मूलन हेतु समय से जांच, पूर्ण उपचार एवं व्यापक जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने में ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय समुदाय की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि “मरीज से नहीं, मर्ज से दूरी बनाएं” का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा संचालित निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, सक्रिय रोगी खोज अभियान, नियमित जांच, उपचार एवं काउंसिलिंग के माध्यम से जनपद को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि जनपद की कुल 1121 ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य विभाग एवं पंचायती राज विभाग के समन्वय से व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत संभावित मरीजों की पहचान कर उनकी जांच, उपचार एवं अनुवर्ती कार्यवाही सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र की सहभागिता एवं उच्च जोखिम समूहों की नियमित जांच से उपचार सफलता दर में सतत वृद्धि हो रही है। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा, एसीएमओ डॉ. अजय शाही, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.पी. यादव, डिप्टी डीटीओ संजय गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।