बेलघाट में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की नगदी

बेलघाट में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की नगदी व जेवरात चोरी बेलघाट/गोरखपुर। बेलघाट थाना क्षेत्र के ग्राम बघाड़ में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना से पीड़ित परिवार में दहशत और सदमे का माहौल है। जानकारी के अनुसार बघाड़ निवासी सूरज शुक्ला पुत्र बलराम शुक्ला दिल्ली में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। उनका परिवार भी दिल्ली में रहता है। घटना से करीब तीन दिन पहले पूरा परिवार दिल्ली चला गया था। इसी दौरान 24 सितंबर 2026 की रात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। परिजनों के मुताबिक मकान के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। घर लौटने के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो कैमरों के तार टूटे हुए मिले। घर के कई ताले टूटे थे और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। चोरों ने तिजोरी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। बताया गया कि चोरों ने सोफा सेट को भी काटकर उसमें सामान तलाशने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार दिल्ली से वापस लौटा और बेलघाट थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर बेलघाट थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चोरी में नगदी और जेवरात जाने से पीड़ित परिवार काफी सदमे में है। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाते हुए जल्द न्याय दिलाने, चोरी गए सामान की बरामदगी और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि घटना का जल्द खुलासा कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गए जेवरात और नगदी बरामद कराने की मांग की है।