23वां सोनांचल कप राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

23वां सोनांचल कप राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ ओबरा, सोनभद्र। खेल प्रेमियों का लंबे समय से चल रहा इंतज़ार आखिरकार समाप्त हो गया। गांधी मैदान में 23वें सोनांचल कप राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य उद्घाटन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट के प्रति रोमांच बढ़ाना तथा स्थानीय युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक ई. राजेन्द्र कुमार अग्रवाल रहे। उन्होंने नगाड़ों की गूंज के बीच फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथि संरक्षक अधीक्षण अभियंता ई. अजय कुमार राय, ई. दिवाकर स्वरूप तथा अरुण प्रजापति ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के अध्यक्ष रमेश वैश्य और मुख्य संरक्षक रमेश कुमार सिंह आयोजन की सफलता में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संचालन की जिम्मेदारी संकट मोचन झा ने प्रभावी ढंग से निभाई। नाइन स्टार क्रिकेट क्लब ओबरा द्वारा आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच चोपन और टू ब्रदर्स वोट्रेक्स के बीच खेला गया। चोपन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। टॉस जीतने पर कप्तान विनीत पांडेय को सरस्वती आभूषण भंडार वी-मार्ट के प्रो. आदित्य वर्मा द्वारा चांदी का सिक्का भेंट किया गया। निर्धारित 20 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए वोट्रेक्स की टीम 19.4 ओवर में 107 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए रौनक ने 34 गेंदों पर सर्वाधिक 23 रन बनाए। चोपन की ओर से ऋषि और राजू पांडेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी चोपन की टीम 83 रन पर सिमट गई। वोट्रेक्स की ओर से शिवम यादव और आनंद ने 3-3 विकेट लेकर टीम को 24 रन से जीत दिलाई। उद्घाटन मैच के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जिला फुटबॉल संघ सोनभद्र के अध्यक्ष दलबीर सिंह और समाजसेवी अरुण प्रजापति द्वारा शिवम यादव को प्रदान किया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका प्रदीप शर्मा और सोनू राय ने निभाई, जबकि स्कोरिंग के.के. पासवान (छोटू) और अक्षय पटेल ने संभाली। उद्घाटन समारोह में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर सिंह, रमेश सिंह यादव, मंडल अध्यक्ष भाजपा शिवनाथ जैसवाल, रमेश वर्मा, इंस्पेक्टर महेश यादव, नीरज भाटिया, संतोष राय, दीपक केशरी, उमेश सिंह पटेल, ई. सत्येंद्र सिंह, डॉ. बृजेश यादव, कलीम खान, राजू यादव सहित सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे। दूधिया रोशनी से जगमगाते गांधी मैदान में खिलाड़ियों ने जोश और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। पहला मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दर्शकों को उत्कृष्ट बल्लेबाजी व प्रभावशाली गेंदबाजी का आनंद मिला। यह प्रतियोगिता आने वाले दिनों में खेल प्रेमियों के लिए प्रमुख आकर्षण बनी रहेगी तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त अवसर प्रदान करेगी।