Bansgaon Sandesh
Login
NEXT UPDATE
Gorakhpurलगभग १३ घंटे पहले

10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या मामले में न्याय की गुहार, परिजनों का धरना; आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग

10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या मामले में न्याय की गुहार, परिजनों का धरना; आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग

गोरखपुर। बांसगांव संदेश। गोरखपुर जिला अस्पताल से जुड़ी 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने धरना शुरू कर दिया है। परिजनों में प्रशासन की कार्रवाई को लेकर भारी नाराजगी है। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद प्रशासन की ओर से कई बड़े वादे किए गए थे, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद उन पर अमल नहीं हुआ। एडवोकेट नवल कुमार के नेतृत्व में धरने पर बैठे परिजनों ने बताया कि घटना के बाद परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार की सुरक्षा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आवास देने का भरोसा दिलाया गया था। पीड़ित माता-पिता का कहना है कि अब तक न तो आर्थिक सहायता मिली और न ही परिवार की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। उनका आरोप है कि परिवार के सदस्य आज भी भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। परिजनों ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस और संतोषजनक सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज परिवार ने धरने के माध्यम से अपनी आवाज उठाई है। परिवार की प्रमुख मांग है कि बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी सिपाही को कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने और मामले में यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। धरने पर बैठे परिजनों ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने, किए गए वादों को पूरा करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

0 likes
0 comments0 shares