*कान्हा उपवन नगर में सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त सख्त* *निरीक्षण में
*कान्हा उपवन नगर में सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त सख्त* *निरीक्षण में खामियां मिलने पर सुपरवाइजर व निरीक्षक का वेतन रोका, नोटिस जारी* गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने शुक्रवार सुबह जोन संख्या-02 के वार्ड संख्या-38 कान्हा उपवन नगर में साफ-सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने मुक्तिश्वरनाथ मंदिर, ट्रांसपोर्ट नगर, वर्मा कॉलोनी और महेवा मंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया। श्रावण मास को देखते हुए मुक्तिश्वरनाथ मंदिर परिसर में प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित कराने और पर्याप्त डस्टबिन रखवाने के निर्देश दिए गए। मंदिर से ट्रांसपोर्ट नगर रैन बसेरा तक निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे जगह-जगह कूड़ा पड़ा मिला और नालियां प्लास्टिक व कचरे से जाम पाई गईं। वर्मा कॉलोनी में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के निरीक्षण में पाया गया कि वाहन चालक द्वारा घरों का विवरण और कई महीनों से यूजर चार्ज कलेक्शन रजिस्टर अपडेट नहीं किया गया है। महेवा मंडी में भी सुबह 10 बजे तक कूड़ा न उठाए जाने पर नाराजगी जताई गई। खराब सफाई व्यवस्था को देखते हुए महेवा फल एवं सब्जी मंडी के कार्यवाहक सफाई सुपरवाइजर आशुतोष और संबंधित सफाई निरीक्षक आनंद कुमार का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया, जबकि मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश बिरोनिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नगर आयुक्त ने वार्ड में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बीट सिस्टम लागू कर प्रत्येक बीट पर आवश्यकतानुसार सफाई कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही जोनल सेनेटरी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे तक सभी सफाई निरीक्षकों की अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। निर्देश दिया गया कि सफाई निरीक्षक रोजाना अलग-अलग वार्डों में जाकर सफाई कर्मचारियों और वाहन चालकों की उपस्थिति तथा सफाई कार्यों की जांच करें। प्रत्येक डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन से कम से कम 500 घरों से कूड़ा उठाने की अनिवार्यता भी तय की गई। सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों को चिन्हित कर आईईसी के माध्यम से जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जोनल अधिकारी ओमप्रकाश, जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश बिरोनिया, सफाई निरीक्षक आनंद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।