आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा। प्राथमिकता वाले संकेतकों

आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा। प्राथमिकता वाले संकेतकों में तेजी से सुधार लाने के दिए निर्देश। देवरिया, 25 सितंबर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के आकांक्षात्मक विकासखंडों गौरी बाजार, लार, बरहज, बनकटा एवं भागलपुर की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा निर्धारित संकेतकों के सापेक्ष उपलब्धियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षात्मक विकासखंडों में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख संकेतकों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित की जाए। जिन संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनमें विशेष कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध सुधार लाया जाए। स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित संकेतकों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। शिक्षा से जुड़े संकेतकों की समीक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं तथा निपुण भारत मिशन की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं शिक्षकों द्वारा अभिभावकों से नियमित संपर्क कर बच्चों को केंद्र एवं विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए तथा क्षेत्रीय स्तर पर निरंतर अनुश्रवण किया जाए। बैठक में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, सिंचाई, पशुपालन, स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों, कौशल विकास, रोजगार, वित्तीय समावेशन एवं आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आकांक्षात्मक विकासखंडों का नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन का सत्यापन करने तथा मौके पर सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौरी बाजार, लार, बरहज, बनकटा एवं भागलपुर विकासखंडों में कम प्रगति वाले संकेतकों को चिन्हित कर उनमें विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा, प्रगति की निरंतर निगरानी तथा विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंडों को विकास के प्रमुख मानकों पर बेहतर स्थिति में लाने के लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में संबंधित अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।