Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpur६ मिनट पहले

चक्रवाती तूफान ने मचाया कहर, पेड़-पोल-फसल और घर धराशायी, 40 घंटे से बिजली गुल

चक्रवाती तूफान ने मचाया कहर, पेड़-पोल-फसल और घर धराशायी, 40 घंटे से बिजली गुल

घघसरा गोरखपुर । विकास खंड पाली क्षेत्र में चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार शाम से तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने गांवों से लेकर कस्बों तक जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जगह-जगह पेड़, बिजली के पोल और तार टूटकर गिर गए, फसलें प्रभावित हुईं और कई घरों व छप्परों को भी नुकसान पहुंचा। पेड़ गिरने से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद लोगों ने कुछ राहत महसूस की। इसके बाद स्थानीय लोगों के साथ वन विभाग और विद्युत विभाग की टीमें रास्तों से गिरे पेड़ों को हटाने तथा क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गईं। कई स्थानों पर लोगों को रास्ता बदलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। वहीं, शुक्रवार शाम से बाधित विद्युत आपूर्ति करीब 40 घंटे बाद भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी। बिजली गुल रहने से दर्जनों गांवों के लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं। मोटर नहीं चलने से पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। मोबाइल चार्ज न होने से लोगों का संपर्क प्रभावित है। बिजली पर निर्भर दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है और फ्रीज में रखा सामान खराब होने लगा है। विद्युत उपकेंद्र घघसरा क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के कारण दर्जनों विद्युत पोल धराशायी हो गए हैं। शुक्रवार शाम को आपूर्ति बाधित होने के बाद शनिवार की तेज आंधी और बारिश ने विद्युत व्यवस्था को और प्रभावित कर दिया। इस संबंध में अवर अभियंता ने बताया कि चक्रवात के चलते पाली और घघसरा फीडर के लगभग 50 विद्युत पोल गिर चुके हैं। पेड़ों के गिरने से भी विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है। लाइनमैनों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। पेड़ों को हटाकर पोल खड़े किए जा रहे हैं। सोमवार तक सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

0 likes
0 comments0 shares