हरियाली महोत्सव में विधायक सरवन निषाद ने बाबा श्याम का लिया आशीर्वाद

चौरी चौरा। नगर पंचायत चौरी चौरा में स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में सोमवार देर रात तक आयोजित श्री खाटू श्याम बाबा हरियाली महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। महोत्सव में चौरी चौरा विधायक इंजीनियर सरवन निषाद अपनी धर्मपत्नी, पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के साथ शामिल हुए। उन्होंने बाबा श्याम के श्रीचरणों में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं। धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों में प्रेम, सद्भाव, सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के भजनों का आनंद लिया और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन ज्योति प्रकाश गुप्ता, सुनीता गुप्ता, चौरी चौरा मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर जायसवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।