भारतीय उद्योग व्यापार मंडल: श्यामजी गुप्ता बने सुमेरपुर इकाई अध्यक्ष

हमीरपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जिला हमीरपुर ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सुमेरपुर निवासी वरिष्ठ व्यापारी श्यामजी गुप्ता को सुमेरपुर इकाई अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस नियुक्ति से क्षेत्र के व्यापारियों में उत्साह का माहौल है। संगठन द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में श्यामजी गुप्ता को संगठन की नीतियों के अनुरूप कार्य करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं का समाधान कराने तथा सुमेरपुर क्षेत्र में संगठन का विस्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उनसे सभी व्यापारियों को एक मंच पर जोड़कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की अपेक्षा व्यक्त की गई है। नियुक्ति के बाद श्यामजी गुप्ता ने भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के शीर्ष नेतृत्व एवं जिला पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सुमेरपुर क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े व्यापारियों को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने का कार्य किया जाएगा। संगठन को गांव-गांव और बाजार-बाजार तक मजबूत बनाने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। श्यामजी गुप्ता के सुमेरपुर इकाई अध्यक्ष बनने पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा व्यापारियों की आवाज और प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी।