स्वास्थ्य सेवाओं को और सुविधाजनक बनाने के लिए जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा- निर्देश।

स्वास्थ्य सेवाओं को और सुविधाजनक बनाने के लिए जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश। देवरिया 08 अक्टूबर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में प्राचार्य मेडिकल कॉलेज एवं सीएमएस सहित इससे जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं की एक बैठक की। उन्होंने इस दौरान स्वास्थ्य गतिविधियों को और सुविधाजनक बनाए जाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट कार्य परियोजना को शीघ्रता से पूर्ण किए जाने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए। साथ ही, मरीजों एवं तीमारदारों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए रजिस्ट्रेशन, दवा पर्ची एवं दवा वितरण काउंटर की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। साथ ही, तीमारदारों के रहने/ठहरने, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के लिए कहा। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस चौकी की स्थापना कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए जगह चिन्हित करके पुलिस चौकी की तात्कालिक रूप से व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए और उसे सक्रिय रखा जाए। आयोजित बैठक में प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. एच के मिश्रा सहित कार्यदायी संस्था व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।