वैभव वर्मा हत्याकांड: सहजनवा में वर्मा समाज व व्यापारियों का कैंडिल मार्च,
वैभव वर्मा हत्याकांड: सहजनवा में वर्मा समाज व व्यापारियों का कैंडिल मार्च, दोषियों को फांसी देने की मांग सहजनवा, (गोरखपुर)। खजनी कस्बे के सर्राफा व्यवसायी के 10 वर्षीय पुत्र वैभव वर्मा के अपहरण के बाद हुई नृशंस हत्या से जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को सहजनवा में वर्मा समाज एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने संयुक्त रूप से कैंडिल मार्च निकालकर मासूम वैभव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा हत्यारों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की। हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर बड़ी संख्या में लोग शांतिपूर्वक मार्च में शामिल हुए। इस दौरान "वैभव को न्याय दो" और "दोषियों को फांसी दो" जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने कहा कि मासूम वैभव की जिस निर्ममता से हत्या की गई है, उसने पूरे समाज को स्तब्ध और आक्रोशित कर दिया है। ऐसे जघन्य अपराध के दोषियों को त्वरित न्यायिक प्रक्रिया के तहत कठोरतम दंड मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की अमानवीय घटना को अंजाम देने का दुस्साहस न कर सके। कैंडिल मार्च के समापन पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत वैभव वर्मा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की। कैंडिल मार्च में प्रमुख रूप से अनिल वर्मा, राजकुमार वर्मा, ध्रुव कुमार, संजीव वर्मा सहित वर्मा समाज, व्यापार मंडल एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक और व्यापारी उपस्थित रहे।