वॉलीबॉल प्रतियोगिता: फाइनल में आजमगढ़ ने ट्रॉफी पर किया कब्जा

मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा क्षेत्र के ग्राम परछा में आयोजित अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें आजमगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। एक फरवरी से शुरू हुई प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आजमगढ़ और हरियाणा के बीच खेला गया, जिसमें आजमगढ़ ने 4-1 से जीत दर्ज की। दूसरा सेमीफाइनल मुरादाबाद और जौनपुर के बीच हुआ, जिसमें मुरादाबाद ने शुरुआती तीन सेट जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला मुरादाबाद और आजमगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें आजमगढ़ ने 4-1 से जीत हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं वॉलीबॉल खेल में स्वर्ण पदक विजेता बांदा निवासी हसनउद्दीन सिद्दीकी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले का शुभारंभ कराया। हजारों की संख्या में खेल प्रेमी ग्राउंड पर मौजूद रहे। रेफरी की भूमिका सद्दाम और जमाल खान ने निभाई, जबकि संचालन अमित सचान और रोहित सैनी ने किया।