Bansgaon Sandesh
Login
Rajkumar Raj
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

मोहर्रम को लेकर नगर निगम अलर्ट, जुलूस मार्गों पर पथ प्रकाश व

मोहर्रम को लेकर नगर निगम अलर्ट, जुलूस मार्गों पर पथ प्रकाश व सफाई के कड़े निर्देश अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने का दिया निर्देश गोरखपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने जुलूस मार्गों पर अस्थायी पथ प्रकाश और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने पथ प्रकाश विभाग और सफाई कर्मचारियों को विशेष रूप से अलर्ट रहने को कहा है, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन मार्गों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे, वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। जहां स्थायी स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं या खराब हैं, वहां अस्थायी पथ प्रकाश की व्यवस्था तत्काल कराई जाए। इसके साथ ही सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए साफ-सफाई का कार्य नियमित रूप से कराया जाए। उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर कहा कि जुलूस मार्गों पर कूड़ा या गंदगी बिल्कुल भी नजर नहीं आनी चाहिए। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए और शिफ्ट के अनुसार कार्य कराया जाए। नालियों की सफाई, जलभराव की समस्या और कचरा निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे स्वयं क्षेत्र में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि मोहर्रम जैसे संवेदनशील पर्व पर नगर निगम की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, इसलिए सभी कर्मचारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। नगर निगम द्वारा की जा रही इन तैयारियों से यह उम्मीद जताई जा रही है कि मोहर्रम के दौरान शहर में साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगा।

1 likes
0 comments1 shares