STF ने पांच कथित असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया, हथियार और कारतूस बरामद

STF ने पांच कथित असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया, हथियार और कारतूस बरामद गजपुर, गोरखपुर। बांसगांव संदेश। एसटीएफ की गोरखपुर फील्ड यूनिट ने सोमवार रात विंध्यवासिनी पार्क के पास कार्रवाई करते हुए पांच कथित असलहा तस्करों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार 32 बोर पिस्टल, चार मैगजीन, एक 32 बोर रिवॉल्वर और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर निवासी श्रेयांश यादव उर्फ बबलू, देवरिया निवासी अजीत यादव, गोरखनाथ धर्मशाला बाजार निवासी अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, तिवारीपुर के माधोपुर निवासी अभिषेक प्रजापति उर्फ अभि तथा गोरखनाथ के जटेपुर दक्षिणी निवासी राहुल गुप्ता के रूप में बताई गई है। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश के बड़वानी और हरियाणा के सोनीपत से असलहा खरीदकर गोरखपुर सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में बेचते थे। पूछताछ में गोरखपुर-बस्ती मंडल सहित पूर्वांचल के कई जिलों में नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिलने की बात भी सामने आई है। एसटीएफ की कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। बरामद हथियारों के स्रोत और उनके संभावित खरीदारों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस और एसटीएफ की जांच पूरी होने के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।