Bansgaon Sandesh
Login
Rahul kumar singh
Sultanpurलगभग १ घंटा पहले

सुलतानपुर।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को बल्दीराय ब्लॉक परिसर में

सुलतानपुर।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को बल्दीराय ब्लॉक परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया,जिसमें कुल 197 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। वैदिक मंत्रोच्चार,निकाह और सिख रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुए विवाह समारोह ने सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग की मिसाल पेश की। बड़ी संख्या में परिजन,जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग इस आयोजन के साक्षी बने।समारोह में 193 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अग्नि के सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने की शपथ ली।वहीं मुस्लिम समुदाय के तीन जोड़ों का निकाह हाजी द्वारा पढ़ाया गया तथा एक सिख जोड़े का विवाह सिख परंपरा के अनुसार आनंद कारज से संपन्न हुआ। सामूहिक विवाह समारोह में सभी धर्मों और समुदायों के लोगों की सहभागिता देखने को मिली।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा सिंह,विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार,जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह,खंड विकास अधिकारी विमलेश चंद्र त्रिवेदी और भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल जायसवाल मौजूद रहे।अतिथियों ने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बहुत बड़ी राहत है।इस योजना से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग मिल रहा है और समाज में सामूहिक विवाह को बढ़ावा मिल रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है,जिसका लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है।कार्यक्रम का आयोजन जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह की देखरेख में किया गया। समारोह के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को प्रमाण-पत्र व उपहार भेंट कर विदा किया।सामूहिक विवाह समारोह को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और ब्लॉक परिसर में दिनभर मेले जैसा दृश्य बना रहा। बड़ी संख्या में लोग नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने पहुंचे।

0 likes
0 comments0 shares