सरयू नदी में नहाते समय दो युवक डूबे, एक को नाविकों ने बचाया, दूसरे की तलाश जारी

बड़हलगंज। कस्बे के रामकवल शाही घाट पर गुरुवार को सरयू नदी में नहाते समय दो युवक डूबने लगे। घाट पर मौजूद नाविकों ने एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, जबकि दूसरा युवक तेज धारा में बह गया। करीब तीन घंटे तक तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। सूचना पर पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कराई। कोतवाल अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे सतनारायण की मड़ई निवासी 17 वर्षीय आदित्य यादव अपने दोस्त अमन यादव (17) और आशीष यादव (14) के साथ बड़हलगंज बाजार आया था। शाम करीब चार बजे तीनों मुक्ति पथ स्थित रामकवल शाही घाट पहुंचे। घाट पर आदित्य और अमन सरयू नदी में नहाने लगे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद नाविक नागेंद्र साहनी और जीतू साहनी ने अमन यादव को बचा लिया, लेकिन आदित्य यादव तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से आदित्य की तलाश शुरू कराई। करीब तीन घंटे की खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। इस दौरान नायब तहसीलदार जयप्रकाश भी घाट पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गई है और टीम के पहुंचते ही सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा।