बड़हलगंज में मच्छरों का प्रकोप बढ़ा,सपा व्यापार सभा ने फॉगिंग, सफाई की मांग की

बड़हलगंज। नगर पंचायत बड़हलगंज में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर समाजवादी व्यापार सभा ने चिंता जताई है। सभा के जिलाध्यक्ष व पूर्व चेयरमैन सूरज जायसवाल और सपा नेता सूरज कसौधन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज के अधीक्षक डॉ. अतुल गुप्ता को एक लिखित पत्र सौंपा है। इसमें तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। नेताओं द्वारा सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि तापमान बढ़ने के साथ ही नगर क्षेत्र में मच्छरों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। जगह-जगह जलभराव, गंदगी और नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। खासकर घनी आबादी वाले मोहल्लों में स्थिति अधिक चिंताजनक है, जहां लोगों को रात में सोने में भी परेशानी हो रही है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान हालात को देखते हुए गत वर्ष की तरह डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने की पूरी आशंका है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या महामारी का रूप ले सकती है। नेताओं ने स्वास्थ्य विभाग को कहा कि कि हर वर्ष ऐसी समस्या आती है, लेकिन समय पर प्रभावी कदम न उठाने से स्थिति बिगड़ती जाती है। सपा व्यापार सभा के पदाधिकारियों ने मांग की है कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जाए। इसके साथ ही एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण और जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर तत्काल सुधार कार्य कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। नेताओं ने सुझाव दिया कि स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत को संयुक्त रूप से एक जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। इसका उद्देश्य लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को खत्म करना है। पत्र सौंपते समय नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनहित में बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।