विधायक ई सरवन निषाद ने तरकुलहा मंदिर मार्ग चौड़ीकरण का किया शिलान्यास

चौरी चौरी गोरखपुर। ।चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंजीनियर सरवन कुमार निषाद ने रविवार को तरकुलहा देवी मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। शिलान्यास तरकुलहा मोड़ मुख्य द्वार के पास संपन्न हुआ। विधायक के आगमन पर मां तरकुलहा देवी व्यापार मंडल, मंदिर ट्रस्ट एवं स्थानीय व्यापारियों द्वारा फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के उपरांत विधिवत पूजन-अर्चन कर विधायक ने शिलान्यास किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि अब तक सड़क संकरी होने के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था तथा आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से यातायात सुगम होगा, जाम से राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित होगा। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का समग्र स्वरूप बेहतर होगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मंदिर क्षेत्र के विकास के लिए वे हर संभव प्रयास करते रहेंगे। कार्यक्रम में मां तरकुलहा देवी व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष हिमाचल साहनी एवं अमरनाथ जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों ने भागीदारी की। व्यापारियों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर वे लंबे समय से जनप्रतिनिधियों को पत्राचार कर रहे थे। कार्य शुरू होने से उनमें खुशी का माहौल है और उन्होंने विधायक को बधाई दी। यह कार्य वर्ष 2025-26 में राज्य सड़क निधि योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार 1.60 किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर 1767.59 लाख रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड-2, गोरखपुर द्वारा कराया जाएगा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि अमित जायसवाल, हिमाचल साहनी, ऋषि साहनी, अमरनाथ जायसवाल, सचिन पासवान, राम भाई, दीपक सिंह, पंडित विष्णु तिवारी सूरज पासवान उज्जवल साहनी दयाशंकर हरीश राजभर रामनयन राजभर सोनू पासवान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।