Bansgaon Sandesh
Login
T
Lucknow१२ मिनट पहले

गोरखपुर : शराब पीने से मना करने पर ढाबे पर मारपीट मालिक

गोरखपुर : शराब पीने से मना करने पर ढाबे पर मारपीट मालिक परिवार पर जानलेवा हमला गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में एक मटन ढाबे पर शराब पीने से मना करना मालिक और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि करीब 8 से 10 बदमाशों ने ढाबा संचालक और उसके परिवार पर जमकर हमला कर दिया। लात-घूंसे, डंडे और लोहे की रॉड से की गई इस मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नंदानगर स्थित कसया रोड पर लक्ष्मी मार्केट सैनिक कुंज के पास संचालित एसएसपी मटन ढाबे की है। पीड़ित शिवशंकर प्रजापति के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे कुछ लोग ई-रिक्शा से उनकी दुकान पर पहुंचे और मटन बिरयानी का ऑर्डर दिया। खाना परोसने के बाद उन्होंने अपने साथ लाई शराब की बोतलें निकाल लीं और दुकान के अंदर ही पीने लगे। इससे अन्य ग्राहक असहज हो गए। शिवशंकर ने शांति से उन्हें दुकान के अंदर शराब न पीने की बात कही, लेकिन इस पर आरोपी भड़क उठे और गाली-गलौज करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख अन्य ग्राहक मौके से चले गए। जब ढाबा मालिक ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, सभी हमलावरों ने मिलकर उन्हें सड़क पर पटक दिया और बेरहमी से पीटा। पास में पड़े डंडों और लोहे की रॉड से भी वार किया गया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी सुषमा प्रसाद और बेटे समीर को भी नहीं बख्शा गया और उन्हें भी गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिवार को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर एम्स थाना पुलिस ने 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।

0 likes
0 comments0 shares